पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी भीषण आग: चलती ट्रेन में मची अफरा-तफरी, यात्री सुरक्षित बाहर निकले; किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) के चार डिब्बों में आग लग गई। हादसे के वक्त ट्रेन पटरी पर दौड़ रही थी। सोशल मीडिया पर डिब्बों से उठता धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है।
क्या हुआ?
ट्रेन के चलने के दौरान डिब्बों में आग लगी और धुआं उठते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जान बचाने के लिए लोग दूसरे कोचों की ओर भागे।
चेन खींचकर ट्रेन को रोका गया और यात्री बाहर निकल आए।
वायरल वीडियो में खेतों के बीच से गुजरती पटरी पर खड़ी ट्रेन और धुआं देखती लोगों की भीड़ दिख रही है।
रेलवे ने क्या बताया?
उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, अंबाला मंडल के सराय बंजारा स्टेशन के पास चार डिब्बों में आग की सूचना मिली थी। सुरक्षा प्रणाली के समय पर सक्रिय होने से ट्रेन रोक ली गई। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल किसी के घायल होने, अन्य नुकसान या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
नोट: आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।